Homeअपराधगौशाला से 6 गाय और 2 बछड़े...

गौशाला से 6 गाय और 2 बछड़े चोरी करने वाला निकला दुष्कर्म-डकैती का आरोपी, 8 माह बाद खकनार पुलिस ने दबोचा

सिरपुर की वृंदावन गौशाला से पशु चोरी कर फरार था 3 हजार का इनामी निगरानी बदमाश, रिमांड पर खुल सकते हैं गिरोह के राज

बुरहानपुर। जिले में गौवंश तस्करी और पशु चोरी के खिलाफ चल रही पुलिस की सख्ती के बीच खकनार पुलिस ने 8 माह पुरानी गौशाला चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम सिरपुर स्थित वृंदावन गौशाला से 6 गाय और 2 बछड़े चोरी करने के आरोपी 3 हजार रुपए के इनामी निगरानी बदमाश को गिरफ्तार किया है।

Sadaiv News
8 माह पुरानी गौशाला चोरी का खुलासा, 3 हजार का इनामी निगरानी बदमाश गिरफ्तार।

पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी कोई सामान्य पशु चोर नहीं, बल्कि उस पर दुष्कर्म, डकैती, डकैती की तैयारी, दंगा, मारपीट और चोरी जैसे कुल 9 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। अब उसे रिमांड पर लेकर पुलिस चोरी में शामिल अन्य साथियों और पशु चोरी के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

सितंबर 2025 में गौशाला से चोरी हुए थे 8 पशु

घटना 7 सितंबर 2025 की है। खकनार थाना क्षेत्र के ग्राम सिरपुर स्थित वृंदावन गौशाला से अज्ञात चोरों ने 6 गाय और 2 बछड़े चोरी कर लिए थे। वारदात के बाद गौशाला प्रबंधन ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना खकनार में बीएनएस की धारा 305ए और 331(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। मामला गौशाला से पशु चोरी का होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर सिरपुर क्षेत्र में दबिश

पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में जिले में अवैध गौतस्करी और पशु चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव को मुखबिर से सूचना मिली कि गौशाला चोरी मामले से जुड़ा आरोपी सिरपुर क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और आरोपी सुरसिंग पिता धनसिंग बारेला, उम्र 35 वर्ष, निवासी करोनिया फाल्या, ग्राम खामला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने गौशाला से पशु चोरी करने की वारदात स्वीकार की।

रिमांड पर आरोपी, साथियों की तलाश तेज

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। अब उससे यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात में उसके साथ और कौन-कौन शामिल था, चोरी किए गए पशु कहां बेचे गए और क्या आरोपी किसी बड़े पशु चोरी या गौतस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में गौवंश चोरी और तस्करी से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

निंबोला थाने का निगरानी बदमाश है आरोपी

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सुरसिंग बारेला थाना निंबोला का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ डकैती, डकैती की तैयारी, दुष्कर्म, मारपीट, दंगा और चोरी सहित कुल 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी थाना निंबोला क्षेत्र में मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के मामले में भी फरार चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।

पशु चोरी और गौतस्करी पर पुलिस की सख्त नजर

जिले में लगातार गौवंश तस्करी और पशु चोरी के मामलों को लेकर पुलिस सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी का कहना है कि ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। गौशाला चोरी जैसे मामलों में स्थानीय स्तर पर सक्रिय गिरोहों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। खकनार पुलिस की इस कार्रवाई को पशु चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्रवाई में ये रहे शामिल

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक राजकुमार वर्मा, अमित अवस्थी, सतीश सूर्यवंशी, आरक्षक मंगल पालवी, सुनील धुर्वे, खुमसिंह, विजेंद्र देवल्य, अनिल डावर और साइबर सेल से दुर्गेश पटेल सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles