-
Table of Contents
टैक्स चोरी रोकने और राजस्व बढ़ाने के लिए ड्रोन का सहारा
-
बुरहानपुर की संपत्तियों का सटीक आकलन, टैक्स सुधार में मदद
बुरहानपुर। नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाते हुए नगर निगम क्षेत्र की संपत्तियों का ड्रोन सर्वे शुरू करने की घोषणा की है। इस सर्वे का उद्देश्य राजस्व संपत्तियों का सही आकलन करना है, जिससे नगर निगम को अधिक टैक्स प्राप्त हो सके। अखिल भारतीय राष्ट्रीय महापौर परिषद के अध्यक्ष और बुरहानपुर निगम महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल और आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने गुरु सिख कॉलोनी में ड्रोन सर्वे की टेस्टिंग की।
ड्रोन सर्वे की शुरुआत वार्ड नंबर 1 से
महापौर माधुरी पटेल ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में बुधवार से ड्रोन के माध्यम से जीआईएस (जियोग्राफिक इनफॉरमेशन सिस्टम) सर्वे शुरू हो रहा है। इस सर्वे का दायरा व्यावसायिक प्रतिष्ठान, सरकारी कार्यालय, स्कूल, पार्क, मैदान आदि को कवर करेगा। यह सर्वे हाउस टैक्स वसूलने में मदद करेगा और नगर निगम को टैक्स के सही आंकलन में मदद मिलेगी।
कम टैक्स दिखाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि कुछ लोगों ने संपत्ति के क्षेत्रफल को कम दिखाकर टैक्स चोरी की शिकायतें मिली हैं। अब नगर निगम इस सर्वे के माध्यम से खुद ही संपत्तियों का आकलन करेगा और इससे टैक्स में बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा, जो भवन मालिक कम क्षेत्र दिखाकर टैक्स चुराते थे, उनके खिलाफ पेनल्टी लगाई जाएगी। यह पेनल्टी 2010 से लेकर 2024 तक के लिए लागू होगी, जहां उन्होंने कम क्षेत्र दिखाया है।
सर्वे के माध्यम से जियो टैगिंग
इस सर्वे के द्वारा नगर निगम क्षेत्र की सभी संपत्तियों की जियो टैगिंग की जा रही है। इस टैगिंग से संपत्ति के स्वामित्व, क्षेत्रफल और अन्य जानकारियां इकट्ठी की जाएंगी। भारत सरकार के शहरी विकास निदेशालय द्वारा केंद्र सरकार की इंप्रोल कंपनी को इस सर्वे के लिए टेंडर दिया गया है।
हाउस टैक्स होगा ऑनलाइन
सर्वे के बाद, नगर निगम के नगर सेवा पोर्टल पर हाउस टैक्स का ऑनलाइन भुगतान शुरू हो जाएगा। इससे बकाया टैक्स की वसूली भी आसान होगी और पारदर्शिता भी आएगी। इस ड्रोन सर्वे का उद्देश्य नगर निगम के 48 वार्डों में संपत्तियों का सही आकलन करना है, और इसे तीन दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस अवसर पर निगम महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल, आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, एमआईसी चेयरमैन संध्या राजेश शिवहरे, धनराज महाजन, संभाजी सगरे, भरत इंगले, महेंद्र इंगले, नितेश रोशन दलाल और निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।