राष्ट्रीय अपराध राजनीति मध्यप्रदेश कटनी आलेख बुरहानपुर जनसम्पर्क

जन आशीर्वाद यात्रा- बंद कमरे में गठबंधन का नाम इंडिया रखने से कोई इंडिया नहीं बन जाएगाः हिमंता बिस्वा शर्मा

ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा विदिशा के सिरोंज से प्रारंभ हुई असम के मुख्यमंत्री ने विदिशा के सिरोंज में जनसभा को संबोधित किया विदिशा। 22 साल पहले मध्य प्रदेश दुर्दशा का शिकार था। प्रदेश में सड़कों की हालत बद से बदतर थी, सड़कों पर चलने के लिए सड़के ढूंढनी पड़ती थी, घंटों

On: September 18, 2023 1:10 PM
Follow Us:

विदिशा। 22 साल पहले मध्य प्रदेश दुर्दशा का शिकार था। प्रदेश में सड़कों की हालत बद से बदतर थी, सड़कों पर चलने के लिए सड़के ढूंढनी पड़ती थी, घंटों बिजली गायब रहती थी। कांग्रेस ने विकास नहीं किया, हमेशा मध्य प्रदेश का पैसा लूटने का काम किया है। लेकिन प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, तभी से प्रदेश के विकास का रास्ता खुला है। सड़कें पक्की हो गई हैं, 24 घंटे बिजली मिल रही है। लाडली बहना योजना से हमारी बहनों को सम्मान मिला है। आज अन्य प्रदेशों की महिलाएं भी पूछती हैं कि हमारे लिए लाडली बहना जैसी योजना कब शुरू की जाएगी? विपक्षी दलों ने कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया अलायंस बनाया है। बंद कमरे में बैठकर अपने गठबंधन का नाम इंडिया रखने से कोई इंडिया नहीं बन जाता। डुप्लीकेट नाम रखने से कोई ओरिजनल इण्डिया नहीं बन जाता, यदि कोई व्यक्ति अपना नाम महात्मा गांधी रख ले, तो क्या वो महात्मा गांधी बन जाएगा? यह बात असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने सोमवार को ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के विदिशा के सिरोंज पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
असम के मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मैं यहां आशीर्वाद लेने आया था, लेकिन मैंने यहां देखा तो महसूस किया कि यहां की जनता तो कमल के फूल को पहले ही आशीर्वाद दे चुकी। हम कांग्रेस जैसे नहीं है, हम भाजपा है, जिसके लिए जनता ही भगवान होती है। जब हम अपनी सुबह की शुरुआत करते हैं तो माता-पिता या भगवान का आशीर्वाद लेकर करते हैं। देश की जानता भी हमारे लिए भगवान से कम नहीं है और हम देश को चलाने जैसा शुभ कार्य करने जा रहे हैं तो आशीर्वाद लेना हमारे लिए जरूरी है। इसीलिए यह जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं। आपका आशीर्वाद मिलेगा तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में जो काम छूट गए हैं उन्हें पहली प्राथमिकता में पूरा करेगी। असम के मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मैं तो कहता हूं अरे कांग्रेसियों अगर आप इतना ही सनातन को मानते हैं तो आप भी आशीर्वाद यात्राएं निकालिए, आप क्यों जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। कांग्रेस ऐसा इसलिए करने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि कांग्रेस ने कोई ऐसा काम नहीं किया है जिससे जनता उन्हें आशीर्वाद दे। कांग्रेस किस मुंह से जनता के पास जाएगी, इसी से परेशान होकर कांग्रेस जनाक्रोश यात्रा निकालने को मजबूर हुई है। इस तरह के ढोंग करने से कुछ होने वाला नहीं है, क्योंकि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के काले कारनामों को भलीभांति जानती है। जनता का प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो कांग्रेस नेता मंदिरों में जाकर हनुमान चालीसा और रामचरित मानस का पाठ करने का ढोंग करते हैं दूसरी तरफ घमंडिया गठबंधन के लोग हिंदुओं, हिंदू धर्म और भगवान श्रीराम के अस्तितव पर सवाल उठाते हैं। लेकिन आपके गाली देने से ना तो हिंदू धर्म खत्म हुआ है ना खत्म होगा, ना उसके अस्तित्व पर कोई फर्क पड़ता है और न ही आगे पड़ेगा, क्योंकि सनातन हजारों वर्षों से अस्तित्व में है। आप जितना सनातनियों को गाली दोगे, हिंदू धर्म के खिलाफ जहर उगलोगे उतना ही भाजपा को जन आशीर्वाद मिलेगा और यह आशीर्वाद वोट के रूप में मिलेगा। एक बार फिर से देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के चलते भाजपा की सरकार ही बनेगी।
कांग्रेस ने मध्यप्रदेश की जनता को लूटने का काम किया
असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि मुझे 22 साल पहले कांग्रेस में रहते हुए मध्य प्रदेश में आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था, तब मैंने देखा कि प्रदेश में सड़कों की हालत बद से बदतर है। सड़कों पर चलने के लिए सड़कें ढूंढनी पड़ती थी, घंटों बिजली गायब रहती थी, सर्किट हाउस में हमारे लिए घंटों जनरेटर चलाना पड़ता था। कांग्रेस ने हमेशा मध्य प्रदेश का पैसा लूटने का काम किया है। जब भाजपा की सरकार बनी तब से प्रदेश में विकास का रास्ता खुला है। सड़कें पक्की हो गई हैं, 24 घंटे बिजली मिल रही है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की लाड़ली बहना योजना ने देशभर में धूम मचा रखी है। इस योजना को असम में भी लागू किया जाएगा।
हमें एक विशेष परिवार का नहीं, जनता का आशीर्वाद चाहिए
उन्होंने कहा कि हमारे पास राहुल सोनिया जैसे आशीर्वाद देने वाले नहीं हैं हम तो जनता के आशीर्वाद से चलने वाले दल के सदस्य हैं। हमें जनता का हमेशा आशीर्वाद चाहिए, हमें किसी परिवार का आशीर्वाद नहीं चाहिए। मुख्यमं़त्री श्री शर्मा ने कहा कि किसी ने मुझसे पूछा कि कमलनाथ के बारे में आपका क्या कहना है तो मैंने कहा कि कमलनाथ को मैं बचपन से जानता हूँ, वो एक थके हुए नेता हैं। ऐसा थका हुआ व्यक्ति जिसने 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ करने के लिए कहा और 15 माह तक कर्ज माफ नहीं किया। दोबारा मुख्यमंत्री बनने की कमलनाथ जी की जो इच्छा है वह पूरी नहीं होगी।
प्रदेश की जनहितैषी योजनाओं पर दूसरे राज्य कर रहे अमलः रामखिलावन पटेल
प्रदेश शासन के मंत्री श्री रामखिलावन पटेल ने कहा कि हमारा मध्य प्रदेश कभी दिग्विजय सिंह के शासनकाल में बीमारू राज्य हुआ करता था, लेकिन जब से प्रदेश में बीजेपी की सरकार आई है और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सत्ता संभाली है तब से प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नित नई योजनाएं ला रहे हैं और योजनाओं से देश के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। हमारी बहनें-बेटियां आत्मनिर्भर बन रही हैं। प्रदेश की जनहितकारी योजनाएं ऐसी हैं कि दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी इन योजनाओं को मॉडल के रूप में अपना रहे हैं।
स्थानीय विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने कहा कि करोड़ों सनातनियों को कीड़ा-मकोड़ा बताने वालों को खदेड़ने का समय आ गया है। हम सबको मिलकर अपने वोट की ताकत से इन्हें फिर से सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना है और उन्हें घर बैठना है।
इस अवसर पर यात्रा प्रभारी रणवीर सिंह रावत, रमेश यादव, राममोहन बघेल, तूफान सिंह मीणा, देवेंद्र रघुवंशी, सौरभ श्रीवास्तव, नितिन मित्तल, राकेश सिंह जादौन, महेंद्र सिंह दांगी, जितेंद्र सिंह बघेल, योगेंद्र सोलंकी, सीताराम सोनी, देवेंद्र रघुवंशी, सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

PNFPB Install PWA using share icon

For IOS and IPAD browsers, Install PWA using add to home screen in ios safari browser or add to dock option in macos safari browser