-
Table of Contents
नगर निगम परिषद सम्मेलन में गूंजे विकास के संकल्प
-
2.67 अरब का बजट पास, सड़कों से लेकर संजीवनी क्लिनिक तक 2031 का मास्टर प्लान तैयार
बुरहानपुर। शहर के विकास की तस्वीर सोमवार को परमानंद गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में बुलाई गई नगर निगम की परिषद बैठक में सामने आई। महापौर माधुरी अतुल पटेल, निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव और आयुक्त संदीप श्रीवास्तव की मौजूदगी में आयोजित इस सम्मेलन में 2 अरब 67 करोड़ 79 लाख 71 हजार रु. का भारी-भरकम बजट पास हुआ।
दरअसल सम्मेलन की शुरुआत राष्ट्रगान और भारत माता व डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। देश के लिए शहीद हुए जवानों और अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वालों को 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
24 पार्षदों ने रखे 45 सवाल, आय बढ़ाने के उपायों पर हुई खुलकर चर्चा
48 वार्डों में से 24 पार्षदों ने निगम की कार्यप्रणाली पर 45 सवाल रखे। इसके लिए एक दिन पहले लॉटरी निकाली गई थी। पार्षदों ने निगम की आय बढ़ाने के लिए कई सुझाव भी रखे, जिनमें हॉकर्स ज़ोन का निर्माण, पाला बाजार के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और चयनित क्षेत्रों में ही अतिक्रमण हटाने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
बजट में रखे गए ये बड़े प्रावधान
• शहर की जर्जर सड़कों का कायाकल्प
• हर ज़ोन में सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाना
• संजीवनी क्लिनिक जैसे हेल्थ प्रोजेक्ट्स की शुरुआत
• जल अवर्धन योजना को प्राथमिकता
• स्ट्रीट लाइट्स, ड्रेनेज और नए निर्माणों पर ज़ोर
सत्ता–विपक्ष एकमत, बैठक शाम 5.30 तक चली
परिषद में जब बजट पटल पर रखा गया, तब सत्ता पक्ष, विपक्ष और निर्दलीय पार्षदों के बीच बहस तो हुई लेकिन अंततः शहरहित में सभी एकमत नजर आए। परिषद की कार्यवाही शाम 5.30 बजे तक जारी रही, और अधिकांश प्रस्तावों पर मोहर लगी।
2031 के मास्टर प्लान से बुरहानपुर बनेगा वर्ल्ड क्लास सिटी
विधायक प्रतिनिधि एवं पूर्व महापौर अतुल पटेल ने बताया कि महापौर के नेतृत्व में नगर निगम ने 2031 तक का मास्टर प्लान तैयार किया है। मास्टर प्लान में, शहर के यातायात को सुगम बनाने के लिए सड़कों के मार्केट में शॉपिंग कंपलेक्स बना कर पार्किंग स्थल को भी बनाया जाएगा विकास निर्माण की योजना बनाई गई है। प्लान में शामिल हैं—
• सड़कों का चौड़ीकरण और मार्केट एरिया में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
• हर वार्ड में स्वच्छता, स्वास्थ्य, और शिक्षा से जुड़ी बुनियादी सुविधाएं
• जलापूर्ति, ड्रेनेज और लाइटिंग के नए नेटवर्क
• पार्किंग स्पेस और नियोजित आर्थिक ज़ोन
सम्मेलन में ये रहे मौजूद
महापौर माधुरी अतुल पटेल, निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव, पूर्व महापौर अतुल पटेल, आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, कार्यपालन यंत्री प्रेम कुमार साहू, सहायक यंत्री अशोक पाटिल, सचिव संजय शाह और जनसंपर्क अधिकारी हरिश मोरे समेत निगम के कई अधिकारी, कर्मचारी और पार्षद उपस्थित रहे।