Homeबुरहानपुरबीमार पत्नी के इलाज के नाम पर...

बीमार पत्नी के इलाज के नाम पर धर्मांतरण का खेल, विरोध करने पर मारपीट

नेपानगर के हैदरपुर में आदिवासी युवक के साथ छल, पुलिस ने छह आरोपियों पर मामला दर्ज किया बुरहानपुर। जिले के नेपानगर थाना क्षेत्र के ग्राम हैदरपुर में बीमार महिला के इलाज की आड़ में धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने आदिवासी युवक को रुपयों, मकान और शिक्षा में मदद का लालच देकर […]

  • नेपानगर के हैदरपुर में आदिवासी युवक के साथ छल, पुलिस ने छह आरोपियों पर मामला दर्ज किया

बुरहानपुर। जिले के नेपानगर थाना क्षेत्र के ग्राम हैदरपुर में बीमार महिला के इलाज की आड़ में धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने आदिवासी युवक को रुपयों, मकान और शिक्षा में मदद का लालच देकर परिवार समेत धर्म बदलने को कहा। जब पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर झूमाझटकी की।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ धर्मांतरण और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना की सूचना पर हिंदू संगठन भी मौके पर पहुंचा और तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।
बीमारी की दवा नहीं, प्रेयर से इलाज का दावा
ग्राम हैदरपुर निवासी अनिल पिता मुकेश ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी राधा कुछ समय से बीमार थी। 21 जून की रात करीब 10 बजे गांव के ही बलीराम बड़ोले और उसकी पत्नी अनीता उसके घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रेयर (प्रार्थना) से राधा की बीमारी ठीक कर देंगे। अनिल अपनी पत्नी को रिश्तेदार रेवसिंग और दोस्त रवींद्र के साथ बलीराम के घर ले गया। वहां चार-पांच लोग पहले से मौजूद थे, जो प्रार्थना करते हुए बाइबल की किताबों से मंत्र पढ़ने लगे।
धर्म बदलो, पैसा मिलेगा – मकान भी बनवाएंगे
अनिल का आरोप है कि बलीराम और उसके साथियों ने उन्हें ईसाई धर्म अपनाने का लालच दिया। कहा गया कि धर्म बदलने पर उन्हें हर महीने रुपए मिलेंगे, मकान बनवाने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी और बच्चों की स्कूल फीस भी माफ होगी।
जब अनिल ने इस लालच का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर दबाव बनाना शुरू किया। पत्नी को लेकर जब वह घर लौटने लगा तो बलीराम, विलास, सायसिंग, गना और कलाबाई ने रोकने की कोशिश की।
विरोध पर मारपीट, आंख और पीठ पर लगी चोटें
अनिल के साथ झूमाझटकी की गई। उसके साथी रेवसिंग और रवींद्र ने बचाव की कोशिश की, तो उनके साथ भी हाथापाई की गई। रेवसिंग की आंख के पास और पीठ में चोटें आई हैं। घटना के बाद अनिल ने नावरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल मौके पर पहुंचे और तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
गांव में रातभर रहा तनाव, संगठन ने पकड़े आरोपी
हिंदू संगठन के प्रखंड प्रमुख राजपाल चौहान, प्रखंड मंत्री गणेश राठौड़, संयोजक विष्णु राठौड़ ने बताया कि उन्हें रात में सूचना मिली थी कि हैदरपुर में धर्मांतरण का प्रयास चल रहा है। जब वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे, तो देखा कि कुछ लोग आदिवासी परिवार को गुमराह कर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहे थे। बलीराम जंगल की ओर भाग गया, जबकि अन्य तीन लोगों को ग्रामीणों की मदद से पकड़कर पुलिस को सौंपा गया।
पुलिस ने इन पर दर्ज किया मामला
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिनमें बलीराम पिता गंगाराम, अनीता पति बलीराम, गना पिता काशीराम (निवासी हिवरा), विलास पिता गासला, साय सिंग पिता बडला, कलाबाई पति विलास (सभी निवासी हैदरपुर)। इन पर धारा 115(2), 351(3) बीएनएस, तथा मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 2021 के तहत केस दर्ज कर मामला जांच में लिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
शिकायत सामने आने के बाद छह आरोपियों पर विभिन्न धाराओं के अलावा धर्मांतरण का केस भी दर्ज कर मामला जांच में लिया गया है।
-ज्ञानू जायसवाल, थाना प्रभारी नेपानगर

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles