बुरहानपुर। शहर को महाराष्ट्र सीमा से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित सिंधी बस्ती चौराहे से लोनी तक 11 किमी लंबे सड़क मार्ग के निर्माण कार्य ने अब गति पकड़ ली है। शुक्रवार देर शाम खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, महापौर माधुरी अतुल पटेल, पूर्व महापौर अतुल पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन सहित जनप्रतिनिधियों ने सड़क परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे मार्ग का निरीक्षण किया। करीब 52 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह सड़क बुरहानपुर शहर के लिए कनेक्टिविटी, यातायात और विकास के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मार्ग के बनने से बुरहानपुर से लोनी होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों ने सिंधी बस्ती चौराहा, टेक्समो पाइप फैक्ट्री चौराहा, होटल उत्सव के पास, बहादरपुर से लेकर लोनी तक पूरे मार्ग का जायजा लिया। सड़क परिवहन मंत्रालय के कार्यपालन यंत्री रविन्द्र वर्मा और निर्माण एजेंसी के ठेकेदार से सड़क चौड़ीकरण, पुलियाओं, जल निकासी, बारिश के दौरान होने वाली परेशानी और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई।
सिंधी बस्ती से कलेक्टर कार्यालय तक 36 मीटर चौड़ी होगी सड़क
परियोजना के तहत सिंधी बस्ती से कलेक्टर कार्यालय तक सड़क को लगभग 36 मीटर चौड़ा विकसित किया जाएगा। सड़क निर्माण के बाद नगर निगम द्वारा दोनों ओर साइड पटरी और सौंदर्यीकरण कार्य भी कराया जाएगा। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि शहर के प्रवेश मार्ग की तस्वीर भी बदलेगी।
वर्तमान में इस मार्ग के कई हिस्सों में सड़क संकरी है। कुछ स्थानों पर अंधे मोड़ और बारिश के दिनों में जल निकासी की समस्या के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। निरीक्षण के दौरान सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान इन सभी बिंदुओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
सांसद बोले—जनता लंबे समय से कर रही थी इंतजार
सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस सड़क निर्माण का इंतजार कर रही थी। सड़क के कई हिस्सों में संकरी चौड़ाई और अंधे मोड़ होने से वाहन चालकों को परेशानी होती थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा क्षेत्र को यह महत्वपूर्ण सौगात दी गई है। इसके लिए क्षेत्र की जनता की ओर से वे आभार व्यक्त करते हैं।
काम के दौरान जनता को कम से कम परेशानी हो
निरीक्षण के दौरान सांसद ने निर्माण एजेंसी और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान आम नागरिकों को कम से कम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जहां जरूरत हो, वहां वैकल्पिक व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की योजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा होना चाहिए। पुलियाओं, ड्रेनेज और सड़क की मजबूती को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
नगर निगम करेगा साइड पटरी और सौंदर्यीकरण कार्य
पूर्व महापौर अतुल पटेल ने मार्ग पर नगर निगम द्वारा किए जाने वाले कार्यों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। सड़क के दोनों ओर साइड पटरी, सौंदर्यीकरण और नाली व्यवस्था को लेकर भी सुझाव दिए गए। महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने भी कहा कि सड़क निर्माण के बाद शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में यह मार्ग अहम भूमिका निभाएगा।
निरीक्षण के दौरान मनोज टंडन, किशोर शाह, विठल चौधरी, जनपद प्रतिनिधि विनोद कोली, राजू शिवहरे, भाजपा युवा नेता गजेंद्र पाटील, जय पाटील सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।