बुरहानपुर। कपास किसानों के लिए राहत और खुशियों की खबर आई है। अब किसानों को मंडियों और दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। भारतीय कपास निगम लिमिटेड (CCI) ने किसानों की सुविधा के लिए ‘कपास किसान’ नाम का मोबाइल एप लॉन्च कर दिया है। इस एप के जरिए किसान आगामी सीजन 2025-26 में सीधे न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर अपनी उपज बेच पाएंगे।
किसान अब घर बैठे कर पाएंगे पंजीकरण
मंडी सचिव भूपेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि किसान अपने आधार कार्ड और जमीन के दस्तावेज के आधार पर OTP वेरिफिकेशन से खुद पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण की प्रक्रिया 1 सितम्बर से शुरू होकर 30 सितम्बर 2025 तक चलेगी।
कपास किसानों को चेतावनी दी गई है कि समय पर पंजीकरण नहीं कराने वाले किसान MSP योजना से वंचित रह जाएंगे। यानी, सिर्फ पंजीकृत किसान ही CCI को कपास बेच पाएंगे।
ऐसे होंगे फायदे
- डिजिटल पारदर्शिता: दलालों और बिचौलियों से छुटकारा।
- सीधे MSP भुगतान: किसान के बैंक खाते में सीधे पैसा जाएगा।
- समय की बचत: मंडियों में लाइन लगाने की झंझट खत्म।
- आधुनिक सुविधा: किसान अब अपने मोबाइल से ही सब कुछ कर पाएंगे।
पंजीकरण के लिए ज़रूरी दस्तावेज़
- भूमि अभिलेख (सक्षम प्राधिकारी से प्रमाणित)
- फसल बुवाई प्रमाण पत्र (राजस्व या कृषि विभाग से प्रमाणित)
- आधार कार्ड (मोबाइल नंबर लिंक्ड होना चाहिए)
- बैंक खाता (आधार सीडेड होना जरूरी)
किसान क्या बोले?
गांव के किसानों ने इस पहल का स्वागत किया। किसानों का कहना है कि “पहले मंडी में घंटों लाइन लगानी पड़ती थी, कई बार दलाल कम दाम पर कपास खरीद लेते थे। अब मोबाइल एप से MSP पर सीधी बिक्री होगी, तो समय और पैसा दोनों बचेंगे।” पंजीकरण या एप से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए किसान नज़दीकी CCI केंद्र प्रभारी या कृषि उपज मंडी से संपर्क कर सकते हैं।