Homeबुरहानपुरकलेक्ट्रेट में सरपंच ने पी कीटनाशक, प्रशासन...

कलेक्ट्रेट में सरपंच ने पी कीटनाशक, प्रशासन में मचा हड़कंप; आरोपों से मचा सियासी बवाल

- सीतापुर सरपंच ने विधायक, पंचायत सचिव और सहायक सचिव पर प्रताड़ना के लगाए आरोप; विधायक बोलीं- यह साजिश भी हो सकती है, निष्पक्ष जांच कराऊंगी

बुरहानपुर। जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार दोपहर ऐसा घटनाक्रम हुआ जिसने प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए। खकनार जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत सीतापुर के सरपंच अमर सिंह मंडलोई ने कलेक्ट्रेट परिसर में कथित रूप से कीटनाशक पी लिया। कुछ ही देर में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिसर में मौजूद कांग्रेस नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

Sadaiv News
कलेक्ट्रेट परिसर में सीतापुर सरपंच ने कथित रूप से कीटनाशक पी लिया।

घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। सरपंच ने उपचार के लिए ले जाए जाने से पहले नेपानगर विधायक मंजू दादू, पंचायत सचिव और सहायक सचिव पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए, जबकि विधायक ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच कराने की बात कही है।

बेटे ने सुनाई पूरी घटना, कहा- कपड़े खरीदने आए थे, अचानक कलेक्ट्रेट चले गए

सरपंच के बेटे गोपाल मंडलोई ने बताया कि वह अपने पिता के साथ बुरहानपुर कपड़े खरीदने आया था। इसी दौरान पिता ने कहा कि कलेक्ट्रेट में कुछ जरूरी काम है और वह अंदर चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर वह उन्हें तलाशने पहुंचा तो देखा कि वे परिसर में कीटनाशक पी रहे थे। उसने तुरंत उनके हाथ से दवा की शीशी छीन ली और आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी।

सरपंच बोले- परेशान होकर उठाया कदम

सरपंच अमर सिंह मंडलोई ने आरोप लगाया कि उन्हें पंचायत से जुड़े मामलों में लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने नेपानगर विधायक मंजू दादू, पंचायत सचिव और सहायक सचिव का नाम लेते हुए कहा कि वे मानसिक दबाव में थे। उन्होंने दीनकर प्रजापति और तुकाराम पंवार का नाम लेते हुए भी परेशान करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 10 लाख रुपए की सड़क का काम उनकी जानकारी और सहमति के बिना शुरू कर दिया गया, जिससे विवाद की स्थिति बनी।

कलेक्ट्रेट में मचा हड़कंप, कलेक्टर ने तत्काल अस्पताल भेजने के दिए निर्देश

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब अधिकारियों ने बताया कि 108 एम्बुलेंस रास्ते में है, तब कलेक्टर ने तत्काल उपलब्ध सरकारी वाहन से अस्पताल ले जाने के निर्देश दिए। इसी दौरान परिसर में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने भी सरपंच को उठाकर वाहन में बैठाया और जिला अस्पताल पहुंचाया।

24 से 48 घंटे बेहद अहम

जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. भूपेंद्र गौर ने बताया कि सरपंच को गंभीर अवस्था में लाया गया। उनका रक्तचाप बढ़ा हुआ है और फिलहाल उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे उनकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

कांग्रेस ने लगाए प्रताड़ना के आरोप, एफआईआर की मांग

घटना के समय कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अजय सिंह रघुवंशी ने कहा कि यदि किसी आदिवासी जनप्रतिनिधि को इस हद तक प्रताड़ित किया गया है कि उसने कलेक्ट्रेट में जहर पीने जैसा कदम उठाया, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

सीईओ बोले- पंचायत विवाद की बात सामने आई

जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी में मामला पंचायत से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। सरपंच के स्वस्थ होने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विधायक का पलटवार- आरोप निराधार, मैं खुद जांच कराऊंगी

नेपानगर विधायक मंजू दादू ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि एक दिन पहले ग्रामसभा में ग्रामीणों ने स्वयं सरपंच के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें की थीं। ग्रामीण अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी भी कर रहे थे। विधायक ने दावा किया कि सरपंच पारिवारिक कारणों से भी लंबे समय से परेशान थे। उन्होंने कहा कि घटना के समय बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौके पर मौजूद थे, इसलिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मामले की जांच कराएंगी।

अब कई सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं

कलेक्ट्रेट जैसे सुरक्षित परिसर में कोई व्यक्ति कीटनाशक लेकर कैसे पहुंचा? यदि सरपंच पहले से मानसिक तनाव में थे तो प्रशासन तक उनकी शिकायत क्यों नहीं पहुंची? क्या मामला केवल पंचायत विवाद का है या इसके पीछे कोई और वजह है? इन सवालों के जवाब अब प्रशासनिक जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल सरपंच अमर सिंह मंडलोई का जिला अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस-प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटा हुआ है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -

Latest Articles