Homeबुरहानपुरकेंद्रीय बजट से बुरहानपुर के उद्योगों को...

केंद्रीय बजट से बुरहानपुर के उद्योगों को नई रफ्तार: टेक्सटाइल, पावरलूम और खादी सेक्टर को मिलेगा सीधा फायदा —गजेंद्र पटेल

- भाजपा द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में बजट पर सांसद ने विस्तार से रखा पक्ष

बुरहानपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी को पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026 को लेकर जिले में सियासी और औद्योगिक हलचल तेज हो गई है। बजट के प्रावधानों को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार शाम बुरहानपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र पटेल ने दावा किया कि यह बजट बुरहानपुर के टेक्सटाइल, पावरलूम और खादी उद्योगों के लिए गेमचेंजर साबित होगा।

Sadaiv News
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद गजेन्द्र पटेल

सांसद श्री पटेल ने कहा कि बजट में टेक्सटाइल सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रावधानों से बुरहानपुर की मेगा टेक्सटाइल यूनिटों को सीधा फायदा मिलेगा। पावरलूम उद्योग में नई तकनीक के साथ नए प्रोडक्ट तैयार किए जाएंगे, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूत मांग है। इससे स्थानीय उद्योगों को वैश्विक पहचान मिलेगी और उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।

मास्क से लेकर सीट कवर तक होगा निर्माण

सांसद गजेन्द्र पटेल ने कहा कि बुरहानपुर में अब केवल पारंपरिक कपड़ों तक सीमित नहीं रहा जाएगा, बल्कि मेडिकल उपयोग में आने वाले मास्क, औद्योगिक कपड़े और वाहनों के सीट कवर जैसे आधुनिक उत्पादों का भी निर्माण होगा। इससे उद्योगों में विविधता आएगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

सांसद ने कहा कि बजट में खादी और हथकरघा सेक्टर को भी प्राथमिकता दी गई है। इससे बुरहानपुर के बुनकरों को स्थायी बाजार मिलेगा। अलग-अलग किस्म के कपड़ों के उत्पादन से बुनकरों की आय बढ़ेगी और पारंपरिक कारीगरी को नई पहचान मिलेगी।

पीएम मित्र योजना से किसानों और युवाओं को लाभ

सांसद श्री पटेल ने बताया कि धार में संचालित पीएम मित्र योजना का लाभ बुरहानपुर के किसानों को भी मिलेगा। किसान वहां अपना कपास बेच सकेंगे, जिससे उन्हें बेहतर दाम मिलेंगे। वहीं टेक्सटाइल पार्क में रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

2047 के विकसित भारत की नींव है यह बजट

सांसद पटेल ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भारत जहां 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, वहीं आज देश तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा है। यह बजट सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास की भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह बजट 2047 के विकसित भारत की दिशा तय करने वाला दस्तावेज है।

अब भारत में ही बनेगी तकनीक और मशीनें

सांसद ने कहा कि अब भारत केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता देश बन रहा है। चंद्रयान मिशन और कोरोना वैक्सीन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने साबित किया है कि नई टेक्नोलॉजी के दम पर आत्मनिर्भरता संभव है। बजट से महिला सशक्तिकरण, आदिवासी युवाओं को प्राथमिकता और नए रोजगार सृजित होंगे।

राजकोषीय घाटा घटाने का साफ रोडमैप

पटेल ने बताया कि बजट में राजकोषीय घाटे को 4.5% से घटाकर 4.3% तक लाने का रोडमैप तैयार किया गया है। देश के कुल कर्ज को जीडीपी के 56% से घटाकर 50% करने की भी योजना है। इसके अलावा 7 हाई-स्पीड कॉरिडोर, 12.2 लाख करोड़ रुपये के कैपिटल एक्सपेंडिचर और सेमीकंडक्टर मिशन के लिए निवेश को 22,500 करोड़ से बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये करने का प्रावधान किया गया है। सांसद ने कहा कि केंद्रीय बजट से मध्यप्रदेश को व्यापक लाभ मिलेगा। औद्योगिक निवेश, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के नए अवसर राज्य की आर्थिक तस्वीर बदलेंगे। यह बजट आने वाले वर्षों में मील का पत्थर साबित होगा।

ये रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेपानगर विधायक मंजू दादू, महापौर माधुरी अतुल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, महामंत्री चिंतामन महाजन, ईश्वर चौहान, संजय जाधव, पूर्व महापौर अनिलभाऊ भोसले, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मुकेश पूर्वे सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़े- बजट 2026 पर बुरहानपुर में ‘सत्ता बनाम विपक्ष’ की जंग तेज: भाजपा बोली— विकसित भारत का बजट, कांग्रेस ने बताया— जनता को भ्रमित करने वाला

spot_img
spot_img
spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles