बुरहानपुर। शहर की सड़कों पर सोमवार को जब यमराज घूमते नजर आए, तो लोगों की सांसें थम गईं। हाथ में गदा, सिर पर मुकुट, और गले में “सेफ्टी पहले” का बोर्ड पर यह कोई डराने वाला दृश्य नहीं था। यह थे समाजसेवी राजेश मावले, जो यमराज बनकर सड़क सुरक्षा का संदेश दे रहे थे।
राजेश मावले ने शनवारा चौराहा और लोधीपुरा रोड पर लोगों को रोका और पूछा भाई साहब, हेलमेट कहां है? सीट बेल्ट नहीं लगाई तो यमलोक का रास्ता खुला है! लोग पहले चौंके, फिर मुस्कराए। कई ने तुरंत हेलमेट पहन लिया, तो किसी ने कहा अब तो रोज याद रहेगा।
खराब सड़कों पर लोगों का गुस्सा: यमराज से पहले सड़क ही ले जाएगी!
अभियान के दौरान आमजन ने सड़कों की हालत पर जमकर नाराजगी जताई। लोग बोले यहाँ तो हेलमेट क्या, चारों तरफ गड्ढे ही गड्ढे हैं। पहले सड़क बनवाओ! अधिवक्ता शेख हनीफ ने कहा कुछ महीने पहले एक बच्ची की सड़क हादसे में जान चली गई। पेयजल परियोजना के नाम पर सड़कों को खोद दिया गया, पर मरम्मत आज तक नहीं हुई। हालांकि प्रशासन ने लालबाग तक सड़क स्वीकृत करने की बात कही है, लेकिन हालात अब भी दयनीय हैं।
डायरिया ने भी बढ़ाई चिंता
शहर में इन दिनों डायरिया के मामले बढ़ रहे हैं। गड्ढों और गंदे पानी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजेश मावले ने कहा सुरक्षा सिर्फ सड़क पर नहीं, सेहत के लिए भी जरूरी है। साफ पानी और साफ सड़क दोनों चाहिए।
हेलमेट पहनने वालों को ‘सेफ्टी हीरो’ कहा गया
अभियान में जो भी चालक हेलमेट या सीट बेल्ट पहने मिले, उन्हें ‘सेफ्टी हीरो’ कहकर सम्मानित किया गया। बच्चों ने भी यमराज के साथ फोटो खिंचवाए किसी ने कहा कूल यमराज, तो किसी ने कहा सड़क सुरक्षा वाले देवता। राजेश मावले की यह अनोखी पहल चर्चा में है। उनका संदेश साफ था सरकार सड़क बनाएगी, लेकिन सुरक्षा आपको खुद अपनानी होगी। हेलमेट, सीट बेल्ट और सावधानी यही असली जीवन रक्षा कवच है।