-
लोग बोले- नए मीटर में बिल अधिक आ रहा इसलिए नहीं लगाना चाहते
-
जेई ने कहा, पाइंट 5 का भी डिफरेंस नहीं, कईं मीटर लगाकर चेक कर लिए
बुरहानपुर। मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से अब तक 44 हजार स्मार्ट मीटर लगाए चुके हैं जबकि 15 हजार मीटर लगना बाकी है, लेकिन शनिवार को जब बिजली कंपनी की टीम हरीरपुरा वार्ड में मीटर लगाने पहुंची तो रहवासियों ने विरोध किया। इधर, दोपहर में कांग्रेस पार्षद दल, कांग्रेस नेताओं की ओर से एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम अमजेर सिंह गौड़ को ज्ञापन सौंपकर कहा गया कि अगर दो दिन में समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो 15 जुलाई को बुरहानपुर और शाहपुर बंद का आव्हान किया जाएगा।
हरियाणा की कंपनी का आदेश दिखा रहे अफसर
हरीरपुरा के इनाम अंसारी ने कहा बिल अधिक आ रहा है इसलिए विरोध कर रहे हैं। वहीं कंपनी अफसरों ने काफी देर तक समझाईश दी, लेकिन लोगों का कहना था कि हमें हरियाणा की कंपनी का आदेश दिखा रहे हैं। मप्र सरकार का आदेश दिखाएं। बिजली कंपनी ने जो आदेश दिखाया है उसमें वह हरियाणा की कंपनी को मीटर लगाने का कह रही है। वहीं बिजली कंपनी जेई सुषमा वर्मा ने कहा.युनिट के हिसाब से ही बिल आ रहा है। नए मीटर में ऐसा नहीं है कि पुराने से ज्यादा बिल आ रहा हो। जो कंजम्शन पहले था उसी के हिसाब से मई का बिल आया है। बिल में पाइंट.5 का भी डिफरेंस नहीं है कि पाइंट फाइव भी डिफरेंस आया हो। उन्होंने कहा दो दिन का समय दिया गया है या तो यह लोग मंगलवार तक मीटर लगवाएंगे या स्टे ऑर्डर दिखवाएंगे।
एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कहा, समस्या हल नहीं हुई तो 15 को बुरहानपुर, शाहपुर बंद करेंगे
शनिवार दोपहर काफी संख्या में कांग्रेस नेता, कांग्रेस पार्षद दल के सदस्यों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टाक ने कहा 2 दिन में स्मार्ट मीटर का निराकरण नहीं हुआ तो 15 को बुरहानपुर, शाहपुर बंद करेंगे। उन्होंने कहा स्मार्ट मीटर लगने से बिजली का बिल अधिक आ रहा है। गरीब परिवार के लोग परेशान हो रहे हैं। शहर में गंदा पानी भी वितरीत हो रहा है। इन समस्याओं का दो दिनों में निराकरण होना चाहिए। दो दिन में समस्या का निराकरण नहीं होता तो बुरहानपुर, शाहपुर बंद कर विरोध दर्ज कराएंगे। कांग्रेस नेता अजय सिंह रघुवंशी ने कहा.शहर की जनता गंदा पानी पीने को मजबूर है। सड़कों की हालत खराब है। स्मार्ट मीटर में जिसका बिल 200 रूपए आता था वह दो से तीन हजार आ रहा है। बुरहानपुर सबसे ज्यादा रेवेन्यू देने वाला शहर है। अगर हमारी बात नहीं मानी तो कांग्रेस पार्षद और कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने 15 को बुरहानपुर बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान पूर्व विधायक हमीद काजी, नगर निगम अध्यक्ष अनीता यादव, इस्माईल अंसारी, उबैद शेख, फहीम हाशमी, अकील औलिया, मुशर्रफ खान सहित अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
एसडीएम बोले- उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी
बुरहानपुर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ ने कहा आज सड़कों की समस्या, स्मार्ट मीटर को लेकर ज्ञापन दिया गया है। जिसमें 15 जुलाई को बंद का आव्हान किया गया है। इससे पहले उच्च अधिकारियों से बात की जाएगी ताकि यह नौबत न आए।
बिजली कंपनी अफसरों ने यह दिया तर्क
इस मामले में बिजली कंपनी अफसरों का कहना है कि अधिकांश जगह जिनके पुराने मीटर थे वह चक्री वाले थे। कईं जगह 20 से 25 साल पुराने मीटर होने से उसी हिसाब से उतनी युनिट का बिल आ रहा। नए मीटर लगने पर इसमें फर्क पड़ेगा। इसीलिए लोग कह रहे हैं कि उनका बिल अधिक आ रहा है। कुछ लोगों ने पहले से ही टेम्परिंग कर रखी थी। उनके मीटर बदल गए तो दिक्कत आना शुरू हो गई। अफसरों का कहना है कि स्टार्टिंग में लगे मीटर को अपडेट करने में समय लगता है इसलिए बिल ज्यादा आ रहा है, लेकिन अगर फिर भी कोई समस्या आ रही है तो लोग सीधे बिजली कंपनी से संपर्क कर सकते हैं। नए मीटर के साथ चेक मीटर भी लगा दिए जाएंगे। कंपनी अफसरों ने इस बात से इनकार किया है कि नए मीटर में बिल अधिक आ रहा है।