बुरहानपुर। शहर में साइबर ठगी और झपटमारी के मामलों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। थाना गणपति नाका और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर युवकों को महज 48 घंटे में दबोच लिया। आरोपियों से करीब 96,620 रुपये कीमत का सामान बरामद हुआ है, जिसमें दो महंगे मोबाइल और बोट कंपनी का एयरबर्ड शामिल हैं।
दरअसल 11 सितंबर को आरोपी रेहान ने अपने दोस्त शाहिद उर्फ बल्लू का सिम कार्ड लेकर फ्लिपकार्ट पर नया अकाउंट बनाया। उसने ऑनलाइन ऑर्डर किया सैमसंग मोबाइल (45,242 रुपये), मोटोरोला मोबाइल (49,398 रुपये) और बोट एयरबर्ड (1,258 रुपये) कुल कीमत 96,620 रुपये।
13 सितंबर को जब डिलीवरी बॉय सुभाष मेहरा (उम्र 32, निवासी गोपाल नगर, लालबाग) सामान लेकर आरोपी के बताए पते पर पहुँचे, तब पहले रेहान ने पार्सल लिया, फिर बातों में उलझाकर अपने साथी हकीमुद्दीन को बुलाया। दोनों ने सुजुकी एक्सेस स्कूटी (MP68-2476) पर बिना पैसे दिए चुपके से वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस का हाई-प्रोफाइल ऑपरेशन
शिकायत मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, एएसपी अन्तर सिंह कनेश और सीएसपी गौरव पाटील ने टीम गठित की। थाना प्रभारी गणपति नाका ने साइबर सेल को पत्राचार कर फ्लिपकार्ट से आरोपी का डाटा निकलवा। साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपियों की लोकेशन और पहचान हुई। सिर्फ 48 घंटे की मशक्कत में दोनों आरोपी दबोच लिए गए।
गिरफ्तार आरोपी
रेहान पिता शेख जाकिर (19), निवासी गुलशन मार्केट के पीछे, हमीदपुरा और हकीमुद्दीन पिता जफर अब्बास (22), निवासी हनुमान नगर, लोधीपुरा को पुलिस ने गिफ्तार कर बरामद मशरूका– सैमसंग मोबाइल (₹45,242), मोटोरोला मोबाइल (₹49,398) और बोट एयरबर्ड (₹1,258) कुल कीमत ₹96,620।
आसान पैसे का लालच, जेल में पहुंचाया
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी युवकों ने फर्जी सिम और झूठे नाम से महंगे गैजेट मंगाए। जल्दी पैसे कमाने की चाहत ने उन्हें अपराध की राह पर धकेल दिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश महाले, उपनिरीक्षक किशोर मोहनिया, आरक्षक गुरदीप पटेल, नितेश बिसे, देवेंद्र पवार तथा साइबर सेल से आर. दुर्गेश, ललित और सत्यपाल का अहम योगदान रहा।












