बुरहानपुर। खकनार थाना क्षेत्र के ग्राम पांगरी में एक पति ने अपनी पत्नी के साथ खाना मांगने की बात पर हुए विवाद के बाद उसके साथ लकड़ी से मारपीट की। साथ ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 26 सितंबर देर रात की है। 27 को पुलिस ने पूरे मामले की तहकीकात की। 28 सितंबर को मामले का खुलासा हो सका।
खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव के अनुसार ग्राम पांगरी में कांताबाई पति कैलाश कास्डेकर की संदेहस्पद मौत का मामला सामने आया। एफएसएल अधिकारीए टीम के साथ घटना स्थल पहुंचे। साक्ष्य एकत्रित किए गए। मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया गया। जांच के दौरान जब मृतिका के बेटों से पूछताछ की गई तो मामला हत्या का निकला।
बेटों ने बताया दोनों के बीच खाने को लेकर चल रहा था विवाद
मृतिका के बेटे श्यामलाल, अजय से पूछताछ करने पर पता चला कि 26 सितंबर की रात माता पिता के बीच विवाद चल रहा था। दोनों बेटों ने उन्हें समझाया भी था, लेकिन रात करीब 02 बजे पिता कैलाश ने मां कांताबाई को खाना मांगने की बात पर से विवाद कर मां कांता के साथ लकड़ी से से मारपीट की। हाथों से मां कांताबाई का गला दबाकर हत्या कर दी। मृतिका के बेटे श्यामलाल पिता कैलाश के कथन व मर्ग जांच रिपोर्ट के आधार पर खकनार थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 103-1 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर मामला जांच में लिया।
एसपी ने भी किया था घटना स्थल का निरीक्षण
हत्या का मामला सामने आने के बाद बुरहानपुर एसपी देवेंद्र कुमार पाटीदार ने भी शनिवार को घटना स्थल का निरीक्षण कर अफसरों को कईं पहलुओं के आधार पर मामले की जांच करने के लिए कहा था। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर ही मामला सुलझा लिया। आरोपी पति को रविवार को ही न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई में यह रहे शामिल
कार्रवाई में खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव, उपनिरीक्षक बीएल मंडलोई, रामेश्वर बकोरिया, सहायक उपनिरीक्षक तारक अली, कुबेरसिंह जाटव, प्रधान आरक्षक सतीश सूर्यवंशी, मनीष भटुरे, आरक्षक जितेन्द्र चौहान, सनिल धुर्वे, सबल देवड़ा, अनिल डावर, गोविन्दा मुजाल्दे आदि भी शामिल रहे।